मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जनजाति सलाहकार परिषद की पहली बैठक आयोजित
“मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ जनजाति सलाहकार परिषद की पहली बैठक“
रायपुर, 12 मार्च 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ जनजाति सलाहकार परिषद का पुनर्गठन होने के बाद कल पहली बैठक विधानसभा परिसर स्थित समिति कक्ष में आयोजित की गई। इस बैठक में जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण, शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक उन्नयन, प्रशासनिक सुधार और संस्कृति संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी प्रस्तावों पर प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। साथ ही, अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि नीतिगत सुधारों का वास्तविक लाभ जनजातीय समुदाय तक पहुंचे और उन्हें इस योजना का पूरा लाभ मिले। बैठक में जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को और प्रभावी बनाने के लिए कई रणनीतियों पर चर्चा की गई।
