मॉनसून ट्रेड फेयर में राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने की शिरकत
“मानसून ट्रेड फेयर में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की भागीदारी, महिला उद्यमियों को समर्थन का आश्वासन”
जमशेदपुर के सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स परिसर में आयोजित दो दिवसीय मानसून ट्रेड फेयर का शुभारंभ शनिवार को हुआ, जिसमें झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने शिरकत की। उन्होंने मेले में लगे सभी स्टॉल्स का भ्रमण किया और महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि महिलाओं में अपार क्षमता और प्रतिभा होती है, केवल उन्हें अवसर और मंच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स जैसे आयोजन इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभा रहे हैं। मंत्री ने महिला उद्यमियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस मेले में कुल 45 स्टॉल्स लगाए गए हैं, जिनमें न केवल स्थानीय बल्कि अन्य राज्यों के उद्यमियों ने भी भाग लिया है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिल रही है, और महिला उद्यमियों को ग्राहकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
कार्यक्रम में चैंबर की सचिव सुमन भदोरिया सहित कई अन्य प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय और महिला उद्यमियों को बाजार से जोड़ना और उनकी पहचान को मजबूत करना है।
