- 0
- 5 words
“पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लेने के मामले में जांच शुरू की“
सोलन जिले में एक फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जिसमें बैंक से करोड़ों रुपये का लोन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लिया गया।
पुलिस जानकारी के अनुसार, हरिश कुमार, जो कि बघाट-कोऑपरेटिव बैंक की राजगढ़ रोड शाखा के प्रबंधक हैं, ने शिकायत दर्ज करवाई कि बैंक ने सत्य प्रकाश, निवासी गांव कलावन, तहसील ठियोग, जिला शिमला को फ्लैट निर्माण के लिए दो अलग-अलग किश्तों में लोन मंजूर किया था। पहला लोन 21 अक्तूबर 2016 को 55 लाख रुपये और दूसरा 19 दिसंबर 2017 को एक करोड़ रुपये का दिया गया था।
शिकायत के अनुसार, सत्य प्रकाश ने लोन की अदायगी नहीं की। जब बैंक ने बकाया राशि वसूलने की प्रक्रिया शुरू की, तो राजस्व प्राधिकरण से पता चला कि सत्य प्रकाश द्वारा जमा किए गए कागजात और जमाबंदी फर्जी थे।
इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज की गई है। सोलन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव सिंह ने पुष्टि की है कि इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस इस मामले में लोन प्रक्रिया और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की वैधता की बारीकी से जांच कर रही है।