अपना शहर चुनेभारत

सर्वजन कल्याण सभा हमीरपुर की हर पंचायत में लगाएगी योग शिविर: नवीन शर्मा

योग से रोग मुक्त समाज की ओर कदम: हमीरपुर की पंचायतों में सर्वजन कल्याण सभा द्वारा योग शिविर आयोजित

हमीरपुर। सर्वजन कल्याण सभा के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने एक प्रेस नोट जारी कर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग एक प्रभावशाली माध्यम है जो न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज को रोग मुक्त बनाना है, जिसके तहत हर पंचायत में योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

नवीन शर्मा ने जानकारी दी कि हाल ही में हमीरपुर की दो ग्राम पंचायतों — जंगल रोपा और डिडवीं टिक्कर — तथा वार्ड नंबर 10 में योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन शिविरों में योग प्रशिक्षकों ने लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान के तरीके सिखाए।

उन्होंने कहा, “हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। पूरा विश्व 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ जीवन शैली की ताकत को दर्शाता है।”

नवीन शर्मा ने इस बात पर भी जोर दिया कि योग एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी राहत पाता है। कोरोना महामारी के दौरान लोगों ने योग के महत्व को महसूस किया और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा मानसिक शांति के लिए योग को अपनाया।

अंत में उन्होंने कहा कि सर्वजन कल्याण सभा आने वाले समय में हमीरपुर की हर पंचायत में योग शिविर आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति योग के लाभ को समझे और उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *