मौसम में सुधार के बाद उत्तरी सिक्किम में फंसे पर्यटकों के लिए बचाव अभियान शुरू
“उत्तर सिक्किम में बचाव अभियान शुरू, फंसे पर्यटकों और स्थानीयों को राहत पहुंचाने में जुटा प्रशासन“
उत्तर सिक्किम में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं के चलते कई पर्यटक और स्थानीय निवासी प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्यों को तेज करते हुए गुरुवार सुबह से व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है।
पाक्योंग के ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे से तीन हेलीकॉप्टर छातेन के लिए रवाना हुए, जिनमें राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के 9 कर्मी और जरूरी उपकरण मौजूद थे। साथ ही, राज्य विद्युत विभाग और एयरटेल की दूरसंचार टीमों को भी हवाई मार्ग से प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है, ताकि बिजली और संचार सेवाएं जल्द बहाल की जा सकें।
इसके अलावा, पुलिस की संचार शाखा की एक टीम भी ज़रूरी उपकरणों के साथ राहत कार्य में लगी है, जो प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग करेगी।
बुधवार को लगातार खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी, जिससे राहत कार्यों में बाधा आई। हालांकि, गुरुवार सुबह मौसम में सुधार के बाद लाचेन में फंसे पर्यटकों को निकालने का काम शुरू हो गया है।
भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे परिवहन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। इन हालात में प्रशासन ने हवाई मार्ग को प्राथमिकता देते हुए तेजी से राहत अभियान शुरू किया है।
