राहुल गांधी फ्रस्ट्रेशन में इस तरह का बयान दे रहे हैं: नरेश बंसल
“राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का पलटवार, नरेश बंसल बोले– ‘अरुण जेटली पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और बेबुनियाद“
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिवंगत भाजपा नेता अरुण जेटली को लेकर दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने राहुल के बयान को “तथ्यहीन, निराधार और एक कुंठित मानसिकता का परिचायक” बताया।
सांसद बंसल ने कहा, “अरुण जेटली जी एक सौम्य, मर्यादित और विद्वान नेता थे। वे न केवल संसद में बल्कि देश की जनता, पत्रकारों और सभी राजनीतिक दलों के बीच सम्मानित थे। राहुल गांधी का यह बयान उनके मानसिक संतुलन और राजनीतिक परिपक्वता पर सवाल खड़ा करता है।”
बंसल ने राहुल गांधी पर तथ्यहीन बयानबाज़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि वे अक्सर बिना किसी प्रमाण के राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी जिस कृषि कानून की बात कर रहे हैं, वह 2020 में लाए गए थे। ऐसे में अरुण जेटली, जिनका निधन 2019 में हो गया था, उन कानूनों से कैसे जुड़े हो सकते हैं? यह सीधे-सीधे ऐतिहासिक तथ्यों की अनदेखी है।”
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी से बयान पर माफी मांगने की मांग की है और कहा है कि दिवंगत नेताओं के नाम पर राजनीति करना निंदनीय है।
