पीएम मोदी का पोर्ट ऑफ स्पेन में हुआ ऐतिहासिक स्वागत: अमित मालवीय
“त्रिनिदाद एंड टोबैगो में पीएम मोदी का ऐतिहासिक स्वागत, पूरी कैबिनेट और सांसद पहुंचे हवाई अड्डे“
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के त्रिनिदाद एंड टोबैगो के पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचने पर उन्हें गर्मजोशी से स्वागत मिला। वहाँ की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने अपनी पूरी कैबिनेट और सांसदों के साथ खुद हवाई अड्डे पर मौजूद रहकर मोदी का स्वागत किया। इस अवसर को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी।
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने इसे भारत के प्रति वैश्विक सम्मान का प्रतीक बताते हुए लिखा कि कुल 38 मंत्री और 4 सांसद इस स्वागत समारोह में मौजूद थे। उन्होंने इसे अभूतपूर्व और ऐतिहासिक क्षण बताया।
पार्टी के पंजाब उपाध्यक्ष फतेहजंग सिंह बाजवा ने भी कहा कि इस तरह का स्वागत भारत की वैश्विक छवि और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के कारण संभव हुआ है। उन्होंने इसे गौरवपूर्ण क्षण करार दिया।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने एक वीडियो साझा किया जिसमें पीएम मोदी सामुदायिक कार्यक्रम में नजर आए। उन्होंने बताया कि त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर के पूर्वज बिहार के बक्सर जिले से हैं, और वे खुद भी उस स्थान पर आ चुकी हैं। इस ऐतिहासिक जुड़ाव को उन्होंने बिहार और भारत की वैश्विक धरोहर बताया।
पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में उल्लेख किया कि पोर्ट ऑफ स्पेन में रात्रिभोज के दौरान उनकी मुलाकात श्री राणा मोहिप से हुई, जिन्होंने गांधी जयंती पर ‘वैष्णव जन तो’ गीत प्रस्तुत किया था। प्रधानमंत्री ने उनके भारतीय संगीत और संस्कृति के प्रति समर्पण की सराहना की।
