अपना शहर चुनेभारत

पीएम मोदी ने शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि की अर्पित, अस्पताल पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात

शिबू सोरेन को पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- ‘जनता के प्रति समर्पित एक जमीनी नेता थे’

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोमवार को पीएम मोदी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शिबू सोरेन के पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित उनके परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने सर गंगाराम अस्पताल गया। इस दौरान उनके परिवार से भी मुलाकात हुई। मेरी संवेदनाएं हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और शिबू सोरेन के सभी प्रशंसकों के साथ हैं।”

प्रधानमंत्री ने शिबू सोरेन को एक जमीनी नेता बताते हुए कहा,
“उन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दुख हुआ। मैंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी बात की और संवेदना व्यक्त की।”

शिबू सोरेन पिछले कई दिनों से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और किडनी संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। सोमवार को उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर आज शाम करीब 4:30 बजे रांची पहुंचने की उम्मीद है। झारखंड सरकार द्वारा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, अंतिम संस्कार की तिथि और स्थान को लेकर आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

शिबू सोरेन का राजनीतिक जीवन झारखंड के आदिवासी अधिकारों की आवाज के रूप में जाना जाता रहा है। उनके निधन से राज्य और देश की राजनीति को एक गहरी क्षति पहुंची है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *