पीएम मोदी: मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर से बनेगा विकसित भारत का मॉडल
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया“
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजधानी दिल्ली में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने वाली दो बड़ी सड़क परियोजनाओं – द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 – का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं पर लगभग 11,000 करोड़ रुपये की लागत आई है और इनकी संयुक्त लंबाई 40 किलोमीटर से अधिक है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर के लोगों, किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिल्ली को विकास का मॉडल बनाएगा और यह विकसित भारत की राजधानी के रूप में गर्व से नज़र आएगी।
उन्होंने बताया कि पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बाद इन परियोजनाओं ने कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है। अर्बन एक्सटेंशन रोड के निर्माण में कूड़े का वैज्ञानिक उपयोग किया गया है, वहीं यमुना की सफाई के तहत अब तक 16 लाख मीट्रिक टन सिल्ट हटाई जा चुकी है।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली की भाजपा सरकार के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि पिछली सरकारों ने दिल्ली को नुकसान पहुंचाया था, जबकि आज भाजपा को जनता का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान की दुहाई देने वाले लोगों ने अपने शासनकाल में अमानवीय कानून थोपे थे, जबकि मौजूदा सरकार आम जनता को उनसे निजात दिलाने का कार्य कर रही है।
