अपना शहर चुनेभारत

बारिश से जगह जगह एनएच 5 अवरुद्ध होने से लोगों व पर्यटकों को हुई परेशानी

किन्नौर में बर्फबारी और बारिश से जनजीवन प्रभावित, NH-5 कई जगहों पर अवरुद्ध

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रविवार दोपहर बाद से मौसम ने अचानक करवट ली। जहां निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। दिन में कुछ समय मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर तीन बजे के बाद एक बार फिर बारिश ने जोर पकड़ा।

भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पवारी से पूह की ओर कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन मार्ग में ही फंस गए। रात होने पर पर्यटकों को स्पिलो के विश्राम गृह में ठहराया गया। सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे मार्ग बहाल हुआ, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली और अपनी यात्रा फिर से शुरू की।

शनिवार रात से शुरू हुए बारिश के दौर के बाद रविवार दोपहर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अप्रैल माह में बर्फबारी देखने को मिली। करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नाको में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। असरंग और रोपा जैसे इलाकों में भी ताजा बर्फबारी हुई है।

बर्फबारी और बारिश के चलते तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। इन दिनों ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब के बगीचों में तौलिया बांधने, स्प्रे करने और खाद डालने का कार्य चल रहा है, जबकि निचले क्षेत्रों में सेब के पेड़ों में फूल खिल चुके हैं। लगातार बदलते मौसम के कारण बागवानों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

सोमवार को फिर से बारिश शुरू होने से समूचा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *