अपना शहर चुनेभारत

संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 1 दिसंबर से होगी, किरेन रिजिजू ने दी जानकारी

1 दिसंबर से शुरू होगा संसद का शीतकालीन सत्र, 19 दिसंबर तक चलेगी कार्यवाही

संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 19 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस संबंध में जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

किरेन रिजिजू ने कहा कि यह सत्र रचनात्मक और सार्थक होगा, जिससे देश के लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी और यह जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में सहायक सिद्ध होगा।

हालांकि, माना जा रहा है कि यह सत्र विपक्षी दलों के विरोध और हंगामे के कारण काफी गतिशील और विवादित रह सकता है। विपक्षी पार्टियां विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दूसरे चरण और ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले संसद का मानसून सत्र हंगामे की भेंट चढ़ गया था। उस दौरान लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही बार-बार बाधित हुई थी। निर्धारित 120 घंटों की चर्चा में से लोकसभा में केवल 37 घंटे की ही कार्यवाही हो सकी थी, जबकि राज्यसभा की उत्पादकता करीब 39 प्रतिशत रही थी।

इस बार उम्मीद है कि सरकार और विपक्ष दोनों ही शीतकालीन सत्र को अधिक प्रभावी और परिणामकारी बनाने की दिशा में प्रयास करेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *