ऑपरेशन सिंधु : 290 भारतीयों को लेकर वापस लौटी तीसरी स्पेशल फ्लाइट, यात्रियों ने लगाए ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे
“ऑपरेशन सिंधु: ईरान से तीसरी फ्लाइट भारत पहुंची, 290 नागरिकों की सुरक्षित वापसी”
ईरान से शनिवार को ‘ऑपरेशन सिंधु’ के अंतर्गत तीसरी विशेष फ्लाइट भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंची, जिसमें कुल 290 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 190 लोग जम्मू-कश्मीर से थे। देश वापसी के बाद यात्रियों ने ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय में सचिव (सीपीवी और ओआईए) अरुण कुमार चटर्जी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए ऑपरेशन सिंधु का उद्देश्य विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा और कुशल वापसी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि तेहरान से आए इस दल में जम्मू-कश्मीर के अलावा हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के लोग भी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंधु अभी प्रारंभिक चरण में है और आने वाले दिनों में और भी फ्लाइट्स के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया जाएगा। इज़रायल में फंसे भारतीयों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके बाद विशेष विमानों के ज़रिए उन्हें भी स्वदेश लाया जाएगा।
वापसी करने वाले नागरिकों ने राहत और गर्व के साथ अपनी बात साझा की। एलिया वतूल ने बताया कि भारत सरकार ने ईरान में उन्हें फाइव स्टार होटल में ठहराया और हर ज़रूरत का ख्याल रखा। वहीं, मौलाना सैय्यद मोहम्मद सईद ने भारत सरकार और ईरान की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां मुश्किल हालातों के बीच भी उन्हें सुरक्षित ज़ोन में पहुंचाया गया और फ्लाइट से भारत लाया गया।
भारत लौटे एक अन्य नागरिक ने बताया कि जब युद्ध के हालात अचानक बिगड़े, तो भारत सरकार ने तुरंत प्रभावी कदम उठाए और सभी के रहने, खाने और सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की।
गौरतलब है कि ईरान और इज़रायल के बीच तनावपूर्ण हालात के चलते यह अभियान चलाया जा रहा है। भारत सरकार ने आश्वासन दिया है कि हर भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और सभी को सुरक्षित घर लाया जाएगा।
