अब 10 तक बंद रहेगा हमीरपुर-भोरंज सड़क का एक हिस्सा
“हमीरपुर-भोरंज-जाहू सड़क पर 10 अगस्त तक बंद रहेगा यातायात”
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तृतीय चरण के तहत हमीरपुर-भोरंज-जाहू सड़क के एक हिस्से पर चल रहे उन्नयन कार्य के कारण इस मार्ग पर यातायात 10 अगस्त तक बंद रहेगा। पहले यह बंदी 31 जुलाई तक निर्धारित थी, लेकिन कार्य अधूरा रहने के कारण इसे बढ़ा दिया गया है।
जिलाधीश अमरजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 14 किलोमीटर हिस्से पर कार्य प्रगति पर है और इसके सुचारू संचालन व समय पर पूर्णता के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए गए हैं।
हमीरपुर से भोरंज जाने वाले वाहन लघवाण चौक – गसोता महादेव मंदिर – गुलेला – ताल – शनि देव मंदिर चौक मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, भोरंज से आने वाले वाहन शनि देव मंदिर चौक – ताल – गुलेला – गसोता महादेव मंदिर – लघवाण मार्ग से यात्रा कर सकते हैं।
जिलाधीश ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है ताकि निर्माण कार्य जल्द पूर्ण हो सके और क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
