अपना शहर चुनेभारत

संत गुरु रविदास की शिक्षाओं को आत्मसात करने की आवश्यकता: मुकेश अग्निहोत्री

“उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज गोंदपुर जयचन्द में संत गुरु रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की”

ऊना, 12 फरवरी 2025
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज गोंदपुर जयचन्द में संत गुरु रविदास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर नौजवान सभा गोंदपुर जयचंद द्वारा आयोजित समारोह में भाग लेते हुए उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवनकाल में समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के सिद्धांतों को बढ़ावा दिया था। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें एकता, समरसता व सामाजिक न्याय की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि समाज को संत गुरु रविदास की सकारात्मक शिक्षाओं पर चलने की आवश्यकता है। उनकी शिक्षाओं पर चलकर आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि संत गुरु रविदास मंदिर भदसाली को 50 लाख रुपये, सलोह को 25 लाख रुपये, धनपुर को 15 लाख रुपये, पंजावर को 15 लाख रुपये, वालीवाल को 15 लाख रुपये, ललड़ी को 25 लाख रुपये और श्रीचरणो मंदिर बड़ेड़ा को 15 लाख रुपये दिए गए हैं। साथ ही, हरोली में संत गुरु रविदास मंदिर की सराय के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, बाबा सिद्ध जलंधरी के लिए 25 लाख रुपये, बीटन की कुटिया निर्माण के लिए 25 लाख रुपये, संत बाबा डांगू वाले को 25 लाख रुपये, सलोह में कुटिया निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, बाबा बाल जी के मंदिर के लिए 25 लाख रुपये, बनोडे महादेव मंदिर भडाला के लिए 25 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इसपुर में पांच करोड़ रुपये की लागत से शीतला मंदिर का निर्माण किया जा रहा है और दमामियो मंदिर की सड़क के लिए 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दुलैहड़ में रविदास मंदिर के लिए 25 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने गोंदपुर जयचंद में नवनिर्मित वर्षा शालिका के निकट सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है और हरोली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। इस विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, सिंचाई के लिए ट्यूबवेल और तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की जनसहभागिता से विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *