राष्ट्रीय एकता दिवस: परेड मार्ग पर पीएम मोदी का पैदल सफर, लोगों का किया अभिवादन
“प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एकता परेड’ में जनता का दिल जीता, सरदार पटेल की जयंती पर गूंजा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश“
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य ‘एकता परेड’ का समापन जैसे ही हुआ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विशेष अंदाज़ से सभी का दिल जीत लिया। परेड खत्म होते ही वे स्वयं मंच से उतरकर पूरे परेड मार्ग पर पैदल चले और वहां मौजूद लोगों का उत्साहपूर्वक अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री को अपने बीच देखकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चारों ओर ‘मोदी-मोदी’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे गूंज उठे। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग — सभी ने हाथ हिलाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया, जबकि पीएम मोदी ने भी सभी को हाथ जोड़कर नमस्कार किया।
इस मौके पर देश ने भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई। आयोजन का केंद्रबिंदु रहा — एक शानदार परेड, जिसमें भारत की अनेकता में एकता और महिला सशक्तीकरण की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की विशेषता रही महिला अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी। परेड में बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, और विभिन्न राज्यों — आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, केरल और त्रिपुरा की पुलिस टुकड़ियां शामिल थीं।
इसके अलावा सीआरपीएफ, एसएसबी, दिल्ली पुलिस बैंड, एनसीसी फुट टुकड़ी, घुड़सवार एवं डॉग यूनिट, ऊंट टुकड़ी और ऊंट बैंड ने भी हिस्सा लिया। परेड में सफाई मशीन टुकड़ी भी शामिल रही, जो नागरिक जिम्मेदारी और आधुनिक भारत का प्रतीक थी।
हर टुकड़ी ने अनुशासन, तालमेल और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी टुकड़ियों से सलामी ली और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के उनके प्रयासों की सराहना की।
एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास आयोजित यह परेड, सरदार पटेल की उस ऐतिहासिक विरासत की याद दिलाती है, जब उन्होंने 562 रियासतों को मिलाकर एक अखंड भारत का निर्माण किया था।
