नगर निगम खुले में कूड़ा फैंकने पर करेगी जुर्माना, करवाएगी सफाई
“सोलन: नगर निगम स्वच्छता अभियान को लेकर सख्त, नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई“
सोलन, 17 फरवरी – नगर निगम सोलन अब स्वच्छता को लेकर कड़े कदम उठा रही है। शहर में ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां लोग अनुचित रूप से कूड़ा फेंकते हैं। नगर निगम पहले लोगों को चेतावनी देगा, लेकिन यदि इसके बाद भी स्वच्छता नियमों का उल्लंघन जारी रहा, तो नगर निगम एक्ट के तहत चालान किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त एकता कपटा ने जानकारी दी कि यदि कोई व्यक्ति बार-बार कूड़ा फेंकने की गलती दोहराता है, तो उससे सफाई भी करवाई जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
नगर निगम द्वारा यह अभियान शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारी नागरिकों को स्वच्छता नियमों का पालन करने और कूड़ा कचरे को सही स्थानों पर ही डालने के लिए जागरूक भी कर रहे हैं।
