अपना शहर चुनेभारत

बीकानेर में शुक्रवार से अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज हुआ।

बीकानेर में अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव का भव्य आगाज

बीकानेर में शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव की शुरुआत शानदार तरीके से हुई। उत्सव की शुरुआत ऐतिहासिक हैरिटेज वॉक से हुई, जिसमें सजे-धजे ऊंटों और बग्घियों का भव्य काफिला निकाला गया। पारंपरिक परिधानों में सजे ऊंटों ने स्थानीय और विदेशी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया।

यह उत्सव तीन दिन तक चलेगा। उत्सव के दूसरे दिन, शनिवार को बीकानेर स्थित राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र में ऊंटों की विभिन्न रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में ऊंटों की दौड़, सजावट और नृत्य जैसी कई रोचक गतिविधियां शामिल हैं, जो ऊंटों की अनूठी परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाएंगी।

वहीं राजधानी जयपुर में अलबर्ट हॉल पर पर्यटन विभाग द्वारा “कल्चरल डायरीज” के अंतर्गत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में आज महाकवि रामधारी सिंह दिनकर की रचना “रश्मिरथी” का नाट्य मंचन किया जा रहा है। यह प्रस्तुति महाभारत के वीर योद्धा कर्ण के जीवन पर आधारित है, जो दर्शकों को भारतीय संस्कृति और इतिहास से जोड़ेगी।

अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देना और पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। इन आयोजनों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *