बाढ़ में फंसे पंजाब की उम्मीद बनी भारतीय सेना, युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी
“पंजाब में जलप्रलय के बीच भारतीय सेना बनी सहारा, हेलिकॉप्टर से लोगों की जान बचाने में जुटे जवान“
पंजाब में भीषण बाढ़ के हालात के बीच भारतीय सेना राहत और बचाव कार्यों में लगातार जुटी हुई है। कहीं घायल लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है तो कहीं जरूरी सामान और दवाइयां बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचाई जा रही हैं। कठिन परिस्थितियों में भी सेना हर मोर्चे पर मजबूती से डटी हुई है।
भारतीय सेना की वज्र कोर ने शनिवार को चार स्थानों से वीडियो साझा कीं, जिनमें जवान युद्धस्तर पर राहत कार्य करते दिखाई दिए। सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश देते हुए लिखा—“बाढ़ का कहर, धुंधली दृष्टि, डूबे खेत और प्रचंड हवाएं हमें रोक नहीं सकतीं। घायलों को निकालना, सामान पहुंचाना और उम्मीद संग उड़ान भरना, हमारे पंख मिशन के लिए हैं, सीमाओं के लिए नहीं।”
हेलिकॉप्टरों की मदद से जवान उन इलाकों तक पहुंच रहे हैं जहां जमीनी रास्ते पूरी तरह कट चुके हैं। प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ-साथ उन्हें खाने-पीने का सामान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि पंजाब के सभी 23 जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं। नदियों के उफान से हालात बिगड़ चुके हैं और सैकड़ों गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं और अब तक कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
