माह मई 2025 में आबकारी विभाग ने 5451.22 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित किया
“मई 2025 में आबकारी विभाग ने हासिल किया रिकॉर्ड राजस्व, अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई“
प्रदेश के आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नितिन अग्रवाल ने जानकारी दी कि मई 2025 में आबकारी विभाग ने राजस्व अर्जन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। निर्धारित 4900 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 5451.22 करोड़ रुपये, यानी 111.25 प्रतिशत राजस्व प्राप्त किया गया।
इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में मई माह तक कुल 9770.68 करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र किया गया है। पिछले वर्ष मई 2024 में विभाग ने इसी लक्ष्य के विरुद्ध 4593.44 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित किया था।
राज्यमंत्री ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए अभियानों के तहत मई 2025 तक कुल 19,800 मुकदमे दर्ज किए गए और 5.47 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस दौरान 3,681 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 716 को जेल भेजा गया, और 27 वाहन जब्त किए गए। बरामद मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य 18.53 करोड़ रुपये आंका गया है।
पिछले वर्ष मई 2024 तक 18,026 मामले दर्ज, 5.03 लाख लीटर शराब जब्त, 4,330 गिरफ्तारी, 1,466 जेल भेजे गए और 37 वाहन जब्त किए गए थे। उस समय बरामद शराब का बाजार मूल्य 13.48 करोड़ रुपये था।
श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राजस्व वृद्धि के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण नियंत्रण हेतु सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
