कुदरा में एचपी गैस टैंकर में भीषण आग
“एनएच-19 पर गैस टैंकर में लगी आग, इलाके में मची अफरा-तफरी“
बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मा गांव के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 19 (एनएच-19) पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब मोहनिया से कुदरा की ओर जा रहा एक एचपी गैस टैंकर अचानक आग की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी, जिसके बाद चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और खुद सुरक्षित बाहर निकल आया। आग की लपटें उठते ही आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित रहा।
स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
कुदरा थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, और टैंकर को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है।
