अपना शहर चुनेभारत

हर घर जल: 12.44 करोड़ अतिरिक्त ग्रामीण घरों को नल के पानी का कनेक्शन दिया गया

“जल जीवन मिशन के तहत 15.67 करोड़ ग्रामीण घरों तक पहुंचा नल का पानी, लक्ष्य 2028 तक बढ़ा”


जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने सोमवार को राज्यसभा में जानकारी दी कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) के अंतर्गत अब तक लगभग 12.44 करोड़ अतिरिक्त ग्रामीण घरों को नल से जल आपूर्ति के लिए कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।

मिशन की शुरुआत अगस्त 2019 में हुई थी, जब केवल 3.23 करोड़ (16.7%) ग्रामीण घरों में ही नल का पानी उपलब्ध था। अब यह संख्या बढ़कर 15.67 करोड़ (80.95%) हो चुकी है। देश के कुल 19.36 करोड़ ग्रामीण घरों में से अब अधिकांश में नल से जल पहुंच चुका है।

सरकार ने जल जीवन मिशन की समयसीमा को 2028 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह विस्तार, मिशन की लंबी अवधि की स्थिरता, संचालन और रखरखाव व्यवस्था तथा बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। वित्त मंत्री ने अपने 2025-26 के बजट भाषण में इस विस्तार की घोषणा की थी।

जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार, मिशन का उद्देश्य सिर्फ नल का कनेक्शन देना नहीं, बल्कि हर घर में सुरक्षित, नियमित और दीर्घकालिक जल आपूर्ति सुनिश्चित करना भी है। राज्य मंत्री सोमन्ना ने बताया कि यह मिशन नागरिक-केंद्रित जल सेवा वितरण की दिशा में एक अहम कदम है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *