पीलीभीत में जिलाधिकारी ने गरीबों को बांटे कम्बल
“पीलीभीत में जिलाधिकारी ने ठंड से प्रभावित जरूरतमंदों को बांटे कंबल, गौशाला का किया निरीक्षण“
पीलीभीत जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कलीनगर और माधौटांडा क्षेत्रों में पहुंचकर सर्दी से ठिठुर रहे जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को कंबल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने बढ़ती ठंड को देखते हुए कलीनगर और देवीपुरा गौशालाओं का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में निराश्रित गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शीतलहर से बचाव के लिए टिन शेड के चारों तरफ तिरपाल और अलाव की व्यवस्था को देखा।
गौशाला में संरक्षित गोवंशों की संख्या और उनकी देखभाल के इंतजामों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वहां मौजूद अधिकारियों को हरा चारा, भूसा, चोकर, और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ठंड से गौवंशों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने की बात कही।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों की हर संभव मदद करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति या जानवर ठंड से पीड़ित न हो, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
