अपना शहर चुनेभारत

डीडवाना : ऑपरेशन साइबरशील्ड के तहत आयोजित किया जागरूकता सेमिनार

राजस्थान पुलिस ने महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया

राजस्थान के डीडवाना महिला महाविद्यालय में राजस्थान पुलिस की ओर से “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और महिला सशक्तिकरण के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी देना था।

सेमिनार में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) हिमांशु शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक धरम पूनिया, थानाधिकारी राजेंद्र सिंह, और साइबर एक्सपर्ट महेश शर्मा ने छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न रूपों जैसे साइबर ठगी, फोटो मॉर्फिंग, और ब्लैकमेलिंग से बचने के उपाय बताए।

एएसपी हिमांशु शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा पूरे जनवरी माह में “ऑपरेशन साइबर शील्ड” नाम से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य साइबर अपराधों पर अंकुश लगाना, प्रकरणों का निस्तारण करना, और लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक धरम पूनिया ने बताया कि इस अभियान के तहत सात प्रमुख बिंदुओं पर काम किया जा रहा है, जिसमें साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, पॉक्सो एक्ट, यातायात नियम, और नशे के दुष्प्रभाव शामिल हैं। साथ ही उन्होंने छात्राओं को सिटीजन राजकॉप एप के “नीड हेल्प” इमरजेंसी बटन का उपयोग करने और इसे डाउनलोड करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और शिक्षिकाओं ने इस जागरूकता सेमिनार को आज के समय की जरूरत बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को साइबर सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *