दुर्घटनाग्रस्त विमान एआई-171 के ब्लैक बॉक्स से घटना के कारणों का पता लगाने के लिए डेटा किया गया संग्रहीत
“एयर इंडिया हादसा: विमान एआई-171 के ब्लैक बॉक्स से डेटा निकाला गया, जांच जारी”
हाल ही में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दुर्घटनाग्रस्त विमान एआई-171 के ब्लैक बॉक्स से आवश्यक डेटा सफलतापूर्वक निकाला गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, ब्लैक बॉक्स से क्रैश प्रोटेक्शन मॉड्यूल और मेमोरी यूनिट को सुरक्षित रूप से अलग कर लिया गया है। यह डेटा अब दिल्ली स्थित एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की प्रयोगशाला में संग्रहित किया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण जारी है। इस विश्लेषण का उद्देश्य दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच करना और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए उपयुक्त उपायों की पहचान करना है।
गौरतलब है कि ब्लैक बॉक्स को मंगलवार को दिल्ली लाया गया था, जिसके बाद विशेषज्ञों की टीम ने डेटा रिकवरी का कार्य प्रारंभ किया। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
