चीन में ‘भारतीय दोस्तों’ का स्वागत : अमेरिका के साथ टैरिफ युद्ध में उलझे बीजिंग ने जारी किए 85,000 वीजा
“भारत में चीनी दूतावास ने 1 जनवरी से 9 अप्रैल 2025 तक जारी किए 85,000 वीज़ा, द्विपक्षीय संबंधों में आई मजबूती“
नई दिल्ली — भारत में स्थित चीनी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने 2025 की शुरुआत से अब तक भारतीय नागरिकों को कुल 85,000 वीज़ा जारी किए हैं। यह आंकड़ा दोनों देशों के बीच आपसी संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
चीनी राजदूत जू फेइहोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “हम अधिक से अधिक भारतीय मित्रों का स्वागत करते हैं कि वे चीन आएं और यहाँ की खुली, सुरक्षित और मैत्रीपूर्ण संस्कृति का अनुभव करें।”
वीज़ा प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव
2024 में वीज़ा प्रक्रिया में कई बड़े बदलाव किए गए, जिससे भारतीय नागरिकों के लिए चीन जाना अब पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। अब वीज़ा आवेदन के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है, और आवेदनकर्ता सीधे वीज़ा केंद्र जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं। साथ ही, 180 दिन से कम अवधि वाले अल्पकालिक वीज़ा के लिए अब बायोमेट्रिक डेटा की जरूरत नहीं है।
वीज़ा शुल्क में भी कटौती
आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ, चीन ने वीज़ा फीस में भी कमी की है। यह कदम वीज़ा को और अधिक किफायती और सुलभ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अमेरिकी टैरिफ नीति पर चीन की प्रतिक्रिया
चीन ने यह जानकारी ऐसे समय में साझा की है जब अमेरिका ने अपने टैरिफ नीतियों को लेकर कई देशों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा चीनी आयात पर 145% टैरिफ लगाए जाने के जवाब में, चीन ने 125% टैरिफ लगाकर प्रतिक्रिया दी है। साथ ही, चीन ने भारत और अन्य देशों से अमेरिकी टैरिफ नीति के खिलाफ साझा रुख अपनाने की अपील की है।
द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा
इन वीज़ा आंकड़ों और प्रक्रियात्मक बदलावों से यह स्पष्ट होता है कि भारत-चीन संबंधों में एक नई गति देखने को मिल रही है। व्यापार, पर्यटन, और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए यह एक सकारात्मक संकेत माना जा सकता है।
