छत्तीसगढ़: अबूझमाड़ में 7 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद, मुठभेड़ अभी भी जारी
“छत्तीसगढ़: अबूझमाड़ में 7 नक्सली ढेर, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी“
छत्तीसगढ़ के दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत कम से कम 7 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार (10 दिसंबर) को नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर और कोंडागांव जिलों की डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी सर्च अभियान के लिए रवाना हुई थी। गुरुवार (12 दिसंबर) तड़के तीन बजे सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक 7 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद और भी शव बरामद होने की संभावना है।
बुधवार को बीजापुर में भी मुठभेड़
इससे पहले, बुधवार को बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के मुनगा गांव के जंगल में सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया था। इस दौरान नक्सलियों के पास से 9 एमएम पिस्तौल, बारूदी सुरंग, 6 रिमोट और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी।
बारूदी सुरंग विस्फोट में दो जवान घायल
नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट किया, जिसमें डीआरजी के दो जवान मामूली रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद जवानों ने नक्सलियों की गोलीबारी का डटकर जवाब दिया। घायल जवानों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
