विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना हुए पत्रकारों से रूबरू
“कन्नौज में कांय कुब्ज पत्रकार समिति के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना“
कन्नौज जिले के तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर मेडिकल कॉलेज सभागार में कांय कुब्ज पत्रकार समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान सतीश महाना ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाए रखने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जैसे अन्य तीन स्तंभों की जिम्मेदारियाँ होती हैं, वैसे ही पत्रकारिता का भी दायित्व समाज को सही दिशा देना और सच्चाई सामने लाना है।
पत्रकारों की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें पत्रकारों की सुरक्षा, सुविधा और कल्याण से जुड़ी मांगें रखी गईं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सतीश महाना ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की इन मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
