अपना शहर चुने

‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के आ रहे अच्छे परिणाम: भगत सिंह ठाकुर

“हमीरपुर में ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, एसपी ने साझा की उपलब्धियां”

जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ‘वॉर अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ वीरवार को टाउन हॉल में हुआ। इस अवसर पर एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि इस अभियान के पहले चरण की शुरुआत पिछले वर्ष 15 अक्टूबर से की गई थी, जिसके अब सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों और गणमान्य नागरिकों तक पहुंचने का प्रयास किया गया और युवाओं व बच्चों को इस मुहिम से जोड़ा गया। इस अभियान के तहत कई बड़े नशा तस्करों को पकड़ा गया है और इस वर्ष अब तक पिछले वर्ष की तुलना में छह गुना अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है।

एसपी ने बताया कि नशे की चपेट में आए युवाओं की पहचान के लिए ड्रग्स टेस्टिंग किट्स के माध्यम से अब तक 280 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से लगभग 125 लोग नशीले पदार्थों के आदी पाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को या तो जेल में या नशा निवारण केंद्रों में भेजा जा रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार की योजना के तहत जिला पुलिस अधिकारियों ने 41 स्कूलों को गोद लिया है, जहां वे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. अनिल चौहान, कार्यकारी सीएमओ डॉ. अजय अत्री और सेवानिवृत्त जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने भी नशे के विरुद्ध अपने विचार साझा किए।

समारोह में हिमाचल प्रदेश परिवहन अपील प्राधिकरण के न्यायधीश राजेश तोमर, जिला न्यायवादी संदीप अग्निहोत्री, विजिलेंस एएसपी रेणु शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एसपी ठाकुर ने सभी जिलावासियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए आगे आएं और नशे के खिलाफ इस लड़ाई को मिलकर लड़ें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *