अपना शहर चुनेभारत

वह दिन दूर नहीं, जब पीओके के लोग भारतीय शासन व्यवस्था का हिस्सा होंगे : राज्यसभा में बोले राजनाथ सिंह

राज्यसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विपक्ष पर तीखा प्रहार


राज्यसभा में मंगलवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि कुछ विपक्षी नेता कह रहे हैं कि इस अभियान के दौरान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर कब्जा कर लेना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये बयान विपक्षी नेताओं के मन की बात है या केवल दिखावा

राजनाथ सिंह ने कहा, “जब मैं विपक्ष के साथियों की बातें सुनता हूं तो सोचता हूं कि वे वाकई गंभीर हैं या सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। भाजपा और मेरा हमेशा से मानना है कि एक दिन पीओके के लोग भी भारतीय शासन का हिस्सा बनेंगे।”

रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान की स्थिति को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “आज पाकिस्तान की पीठ पर एक नहीं, अनेक बेताल बैठे हैं, जो उसे आगे नहीं बढ़ने दे रहे। आतंकवाद सिर्फ पाकिस्तान का नहीं, पूरी दुनिया का दुश्मन है।”

उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में एक शेर भी पढ़ा –
“पीओके लुटने का सबब, पूछो न सबके सामने, नाम आएगा तुम्हारा, ये कहानी फिर सही।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि विपक्ष अब पीओके को लेकर जागरूक हुआ है, तो यह अच्छी बात है। पर उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब विपक्ष सत्ता में था, तब उसने आतंकवाद का जवाब देने से परहेज़ किया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विपक्ष को डर था क्योंकि पाकिस्तान परमाणु संपन्न देश है।

रक्षा मंत्री ने आगे कहा, “आज हम पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं, लेकिन जब वे सत्ता में थे, तो कुछ करने की हिम्मत नहीं दिखाई। यह स्थिति वैसी है जैसे ‘बाप मरा अंधियारे मा, बेटवा क नाम पावर हाउस’।”

राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद अब एक धंधा बन चुका है और वहां की आम जनता भी शांति और विकास चाहती है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के खात्मे तक चैन से नहीं बैठेगा और पीओके की वापसी भी एक दिन संभव होगी – बशर्ते जनता और ईश्वर का साथ मिले।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *