अपना शहर चुने

उत्तराखंड: कारगिल दिवस पर कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने किये श्रद्धासुमन अर्पित

“देहरादून में शौर्य दिवस पर वीरों को श्रद्धांजलि, उत्तराखंड के बलिदानियों को सम्मान और नई सौगातें”


देहरादून स्थित गांधी पार्क के शहीद स्मारक पर आज शौर्य दिवस के अवसर पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के साथ मिलकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 सपूतों ने सर्वोच्च बलिदान देकर राज्य और देश को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि अब शहीद सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है, साथ ही उन्हें 3 लाख रुपये वार्षिक अनुदान भी दिया जाएगा। चमोली में ईसीएचएस केंद्र और नैनीताल में सैनिक विश्राम गृह की स्थापना की भी घोषणा की गई।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिवारजन और गणमान्य अतिथि इस समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां की सैनिक परंपरा प्रत्येक परिवार में पीढ़ियों तक चलती है, जो देशभक्ति और सेवा भावना की अद्वितीय मिसाल है।

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सैन्य शक्ति और ‘मेड इन इंडिया’ की ताकत को दुनिया ने महसूस किया है। चार दिन में पाकिस्तान को जवाब देना भारत के सैन्य पराक्रम का प्रमाण है। शौर्य दिवस का यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों को प्रेरणा देने का भी माध्यम बना।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *