देश में आशुरा पर याद किया जा रहा हज़रत इमाम हुसैन का बलिदान; पीएम मोदी ने सत्य और न्याय के प्रति उनके समर्पण को नमन किया
“करबला के शहीदों की याद में आशुरा-ए-मोहर्रम मनाया गया”
देश के विभिन्न हिस्सों में आज आशुरा-ए-मोहर्रम गहरे धार्मिक श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। यह दिन इस्लामी कैलेंडर के पहले महीने मोहर्रम की 10वीं तारीख को आता है और इसे हज़रत इमाम हुसैन की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद के नवासे हज़रत इमाम हुसैन और उनके साथियों ने सत्य और इंसाफ की रक्षा के लिए करबला के मैदान में शहादत दी थी।
देशभर में ताजिए निकाले गए, मातम किया गया और तकरीरें पढ़ी गईं, जिसमें इमाम हुसैन की बहादुरी, बलिदान और इंसानियत के लिए दिए गए उनके संदेश को याद किया गया। कई स्थानों पर शिया मुस्लिम समुदाय ने जलूस निकाले और मजलीस का आयोजन किया। सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
इस दिन को दुख और आत्मचिंतन के रूप में मनाया जाता है, जो न्याय, बलिदान और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
