पुरस्कृत होंगे वन विभाग के कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव, अंतर्राष्ट्रीय बाघ तस्कर को जेल पहुंचाने के लिए किए गए बहुआयामी प्रयास
“वन्य जीव संरक्षण में मध्यप्रदेश की बड़ी सफलता, अंतरराष्ट्रीय बाघ तस्कर को हुई सजा“
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश वन विभाग के वन्य जीव संरक्षण प्रयासों और हालिया उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभाग को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से स्टेट टाइगर फोर्स की सराहना की, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाघ तस्कर ताशी शेरपा के खिलाफ सटीक विवेचना कर न्यायालय में ठोस पक्ष प्रस्तुत किया। इसके परिणामस्वरूप ताशी शेरपा को 5 वर्ष की सजा सुनाई गई है।
अंतरराष्ट्रीय मान्यता भी मिली
इस महत्वपूर्ण सफलता पर इंटरपोल मुख्यालय, ल्योन (फ्रांस) ने स्टेट टाइगर फोर्स को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों का पर्दाफाश हुआ है, जो भारत, नेपाल, भूटान और चीन तक फैले वन्य जीवों की तस्करी में संलिप्त थे।
पहली बार इतने बड़े गिरोह पर कार्रवाई
यह पहला मामला है जिसमें बाघ के शिकारियों, बिचौलियों और तस्करों सहित कुल 28 अपराधियों के गिरोह को गिरफ्तार किया गया। गिरोह के फरार सदस्य जेई तमांग उर्फ पसांग लिमी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया है।
वैज्ञानिक तरीकों से विवेचना
स्टेट टाइगर फोर्स ने इस पूरे अभियान में ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफी टेस्ट और साइबर डेटा विश्लेषण जैसे वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य जुटाए। यही साक्ष्य न्यायालय में निर्णायक साबित हुए और तस्करों को दोषी ठहराने में मददगार बने।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान उसके घने वन क्षेत्रों और जैव विविधता में समृद्ध वन्य प्राणियों से है, और प्रदेश सरकार इनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
