कटनी- जिला स्तरीय युवा संगम मेला आयोजित
“कटनी में ‘युवा संगम मेला’ का सफल आयोजन, 154 युवाओं का प्रारंभिक चयन”
कटनी, मध्यप्रदेश — जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, आईटीआई, और जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में कटनी आईटीआई परिसर में ‘युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला’ का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
मेले में विभिन्न शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता रखने वाले 352 युवाओं ने पंजीयन कराया। इसमें शामिल 9 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 154 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा 13 हितग्राहियों को कुल 13 करोड़ 10 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी ने बताया कि जिले में हर माह रोजगार मेला आयोजित किया जाता है, जिसमें युवाओं को स्वास्थ्य, नशामुक्ति, वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास योजनाएं और स्टार्टअप 2025 जैसे विषयों पर जानकारी दी जाती है।
यह मेला युवाओं को रुचि और कौशल के अनुरूप करियर विकल्पों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में और अधिक कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि रोजगार के अवसरों का दायरा और बढ़ाया जा सके।
