पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दीं जन्मदिन की शुभकामनाएं
“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिन पर देशभर से मिली शुभकामनाएं, PM मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने सराहा योगदान“
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं ने शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने की प्रशंसा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुभकामना संदेश देते हुए लिखा, “योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश को बदलने के लिए अथक प्रयास किए हैं, जिससे राज्य के लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा – ‘जन-जन तक पहुंच रहा है विकास’
अमित शाह ने लिखा कि योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर अग्रसर किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घ जीवन की कामना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बताया ऊर्जावान नेता
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने योगी को “ऊर्जावान और गतिशील मुख्यमंत्री” बताते हुए उनके नेतृत्व में राज्य की विकास यात्रा की सराहना की।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों और भाजपा नेताओं ने दी बधाई
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रभु श्रीराम से योगी के उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर यश की कामना की, वहीं ब्रजेश पाठक ने उन्हें दीर्घायु होने की शुभकामना दी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित कई पार्टी नेताओं ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। धर्मपाल सिंह ने लिखा, “प्रखर वक्ता और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम आपको स्वस्थ, समृद्ध और दीर्घायु करें।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन राज्यभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है, जहां आम लोग भी सोशल मीडिया और कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
