सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए कैशलेस सुविधा उपलब्ध
“किन्नौर, 04 जून 2025 – सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अब मिलेगा कैशलेस उपचार“
पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर ने जानकारी दी कि भारत सरकार के सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान करने की नई योजना शुरू की गई है।
इस योजना के तहत, दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक लाख पचास हजार रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सहायता सात दिनों के लिए दी जाएगी। यह लाभ भारतीय नागरिकों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों को भी मिलेगा।
योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ई.डी.ए.आर (e-DAR) मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिससे घायल व्यक्ति को “गोल्डन ऑवर” के भीतर नजदीकी अस्पताल में पहुंचाकर समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राज्य सरकार इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय प्रयास कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और कीमती जीवन बचाए जा सकें।
