उत्तराखंड: पौड़ी के एकेश्वर ब्लॉक में गुलदार ने ली एक शख्स की जान
“पौड़ी, 3 जून 2025 – गुलदार के हमले में ग्रामीण की मौत, क्षेत्र में दहशत“
उत्तराखंड के पौड़ी जिले के एकेश्वर ब्लॉक स्थित मुण्ड्याप ग्राम के सिरोली गांव में एक दुखद घटना में 54 वर्षीय पूरण सिंह की गुलदार के हमले में मौत हो गई। यह हमला बीती देर शाम पीपली क्षेत्र के पास हुआ, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों को आज सुबह मिली।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब गुलदार ने किसी व्यक्ति को निशाना बनाया हो। लगातार हो रहे हमलों से लोग भय और आक्रोश में हैं। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने के आदेश देने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं, गश्त बढ़ाई गई है और निगरानी के लिए कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक से अनुरोध किया गया है कि आदमखोर गुलदार को ट्रेंकुलाइज या समाप्त करने की अनुमति दी जाए।
स्थानीय लोग अब शासन-प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं ताकि क्षेत्र में फिर से सुरक्षा और शांति का माहौल लौट सके।
