- 0
- 12 words
“गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत, सरकार ने बढ़ाई एफआरपी“
देश के करोड़ों गन्ना किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने चीनी सीजन 2025-26 के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) बढ़ाकर 355 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। यह दर 10.25% रिकवरी के आधार पर लागू होगी और इसका उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक देना है।
सरकार के इस फैसले से देशभर के करीब 5 करोड़ गन्ना किसानों और 5 लाख से अधिक चीनी मिल श्रमिकों को सीधा फायदा पहुंचेगा। यदि रिकवरी 10.25% से अधिक होती है तो हर 0.1% बढ़ने पर 3.46 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त मिलेंगे। वहीं, रिकवरी कम होने पर उतनी ही राशि की कटौती होगी।
हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 9.5% से कम रिकवरी वाले मामलों में किसानों की आय में कोई कटौती नहीं होगी। ऐसे किसानों को न्यूनतम 329.05 रुपये प्रति क्विंटल मिलना तय किया गया है।
इस बार गन्ने की उत्पादन लागत (A2+FL) 173 रुपये प्रति क्विंटल आंकी गई है। उसके मुकाबले नया एफआरपी 105% अधिक है, जिससे किसानों को दोगुना से ज्यादा लाभ मिलेगा। यह दर मौजूदा सीजन 2024-25 की तुलना में 4.41% अधिक है।
नई दरें 1 अक्टूबर 2025 से शुरू होने वाले चीनी सत्र से लागू होंगी। इससे न केवल किसानों को बल्कि खेत मजदूरों, परिवहन, और अन्य सहायक क्षेत्रों में काम करने वालों को भी लाभ होगा।
सरकार ने यह निर्णय कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) की सिफारिशों और विभिन्न हितधारकों से विचार-विमर्श के बाद लिया है। बीते सीजन 2023-24 में किसानों को देय लगभग 1.12 लाख करोड़ रुपये में से 99.92% का भुगतान हो चुका है, जबकि वर्तमान सीजन 2024-25 में अब तक 87% राशि किसानों को मिल चुकी है।