पद्म पुरस्कार विजेताओं ने राष्ट्रीय समर स्मारक पर श्रद्धांजलि की अर्पित

“पद्म पुरस्कार 2025: 71 सम्मानित विभूतियों ने राष्ट्रीय समर स्मारक पर दी श्रद्धांजलि“

नई दिल्ली: वर्ष 2025 के पहले चरण में सम्मानित किए गए 71 पद्म पुरस्कार विजेताओं ने मंगलवार को राष्ट्रीय समर स्मारक का दौरा किया और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विजेता जब वीरता चक्र में प्रदर्शित भित्ति चित्रों और युद्धगाथाओं से रूबरू हुए, तो वे भारतीय सैनिकों के अद्भुत साहस और समर्पण को देखकर भावविभोर हो उठे।

इस दौरान पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित लोगों ने स्मारक की वास्तुकला, इसकी भावनात्मक संरचना और इसके संदेश को खूब सराहा।

इससे एक दिन पूर्व, सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए। यह कार्यक्रम गणतंत्र मंडप में आयोजित किया गया था।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में कुल 139 लोगों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया था। प्रथम चरण में इनमें से 71 व्यक्तियों को यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित विभूतियों में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुशील कुमार मोदी, मशहूर गायक पंकज उधास, जापानी उद्योगपति ओसामु सुजुकी और फिल्म निर्देशक शेखर कपूर जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *