- 0
- 6 words
“मथुरा में छात्राओं ने निकाली “हुंकार रैली”, पहलगाम हमले के खिलाफ आतंकवाद के प्रति जताया आक्रोश“
पहलगाम में 26 पर्यटकों की आतंकवादियों द्वारा निर्मम हत्या के विरोध में मथुरा के संविद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल की छात्राओं ने सोमवार को एक विशाल “हुंकार रैली” निकाली। रैली को प्रदेश के पूर्व ऊर्जा मंत्री और मथुरा-वृंदावन के विधायक श्रीकांत शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
छात्राएं हाथों में विरोध के स्लोगन लिखी तख्तियां और काले झंडे लेकर भूतेश्वर चौराहा से गोवर्धन चौराहा तक पैदल मार्च करती नजर आईं। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश प्रकट किया। बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी हाथों में काली पट्टियां बांधकर रैली में भाग लिया और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाई।
इस विरोध प्रदर्शन में साधु-संतों और विभिन्न धर्मगुरुओं की भी भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान हिंदूवादी नेता रामकिशन चतुर्वेदी और प्रेम सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। धर्मगुरु राजेश अग्निहोत्री और सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गेश बघेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पूरे देश को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने छात्राओं की साहसिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का यह जागरूकता प्रदर्शन आतंकवादियों को करारा संदेश देता है कि भारत कभी डरने वाला नहीं है।