छत्तीसगढ़ : सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 24 नक्सली ढेर
“छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 24 नक्सली ढेर“
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में 24 नक्सलियों को मार गिराया है। इस ऑपरेशन के दौरान बीजापुर और कांकेर में नक्सलियों को ढेर किया गया, और मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान ने भी शहादत दी।
पुलिस को गंगालूर इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर संयुक्त अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ लगातार चल रही है।
गृह मंत्री अमित शाह ने इसे “नक्सलमुक्त भारत अभियान” की दिशा में बड़ी सफलता बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर उन्होंने लिखा, “नक्सलमुक्त भारत अभियान के तहत हमारे जवानों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में दो अलग-अलग ऑपरेशनों में 22 नक्सलियों को ढेर किया। मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ अपनी कठोर नीति से आगे बढ़ रही है। जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।”
अमित शाह ने यह भी कहा कि अगले साल 31 मार्च तक भारत को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य है।
