पीएम मोदी 24 फरवरी को 9.80 करोड़ किसानों के खातों में डालेंगे 22 हजार करोड़ रुपये: शिवराज सिंह चौहान
“प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जल्द जारी होगी: शिवराज सिंह चौहान“
नई दिल्ली, 23 फरवरी 2025 – भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 19वीं किस्त के रूप में 22 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में जारी करेंगे।
छोटे किसानों के लिए योजना का महत्वपूर्ण योगदान
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आई है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से लघु और सीमांत किसानों के लिए उपयोगी साबित हुई है, जिससे खाद और बीज जैसी आवश्यकताओं को पूरा कर उनकी कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ी है।
9.80 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पिछली बार 9.60 करोड़ किसानों को इस योजना का लाभ मिला था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर लगभग 9.80 करोड़ हो गई है। बिहार के भागलपुर से आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी सीधे किसानों के खातों में यह राशि ट्रांसफर करेंगे।
अब तक 3.86 लाख करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके
उन्होंने आगे बताया कि अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 3.86 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले जा चुके हैं। 19वीं किस्त जारी होने के बाद यह राशि बढ़कर 3.68 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी। यह दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजना है, जिसने लाखों किसानों के जीवन को प्रभावित किया है।
मखाना किसानों के लिए नई पहल
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार में मखाना बोर्ड स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। 23 फरवरी को दरभंगा में मखाना किसानों से चर्चा कर उनके लिए सुविधाओं का विस्तार करने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “कांग्रेस ने दशकों तक सरकार चलाई, लेकिन किसानों को सीधी आर्थिक सहायता देने का कोई कदम नहीं उठाया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने इस दिशा में ऐतिहासिक बदलाव किया है।”
पीएम किसान योजना के तहत 24 फरवरी को किसानों के खातों में नई किस्त पहुंचाने की तैयारी पूरी कर ली गई है, जिससे करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
