महिला और बाल विकास मंत्रालय के चिन्तन शिविर की शुक्रवार को उदयपुर में शुरूआत हुई।
“उदयपुर में महिला और बाल विकास मंत्रालय के चिंतन शिविर की शुरुआत“
उदयपुर में शुक्रवार को महिला और बाल विकास मंत्रालय के तीन दिवसीय चिंतन शिविर का शुभारंभ हुआ। इस शिविर में भाग लेने के लिए देश भर से महिला और बाल विकास मंत्री, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उदयपुर पहुंचे हैं।
केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी कल इस शिविर का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस चिंतन शिविर में महिलाओं और बच्चों के समेकित विकास और कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे और नीतियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विचार-विमर्श करेंगे।
शिविर के दौरान मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रमों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, पोषण अभियान और सक्षम आंगनवाड़ी मिशन शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण, पोषण, सुरक्षा और समग्र विकास को बढ़ावा देना है।
इस आयोजन का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के अनुभवों और सुझावों को साझा करना है ताकि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर नीतियों को अधिक प्रभावी और जमीनी स्तर पर लागू कर सकें। शिविर में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, महिला सशक्तिकरण और आंगनवाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
