शिमला: सीएम ने अंतरराज्यीय ढली बस अड्डा जनता को किया समर्पित

“शिमला: सीएम ने अंतरराज्यीय ढली बस अड्डा जनता को किया समर्पित“

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को अंतरराज्यीय ढली बस अड्डे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, और शिमला शहरी मंत्री हरीश जनारथा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नया बस अड्डा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। यात्रियों की सुविधा के लिए व्यावसायिक परिसर, प्रतीक्षालय, और सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं। बस अड्डे पर बसों के संचालन के लिए आठ काउंटर हैं। ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान करने के लिए चौक पर पर्याप्त जगह बनाई गई है।

महिलाओं और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं
बस अड्डे में पहली बार महिलाओं के लिए वेटिंग रूम के साथ धात्री महिलाओं के लिए फीडिंग रूम की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप और शौचालयों में विशेष सुविधाएं दी गई हैं।

ड्राइवर और परिचालकों के लिए विश्राम कक्ष
दूसरी मंजिल पर चालकों और परिचालकों के लिए आरामदायक विश्राम रूम बनाए गए हैं। वहीं, तीसरी मंजिल पर शिमला शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के एचआरटीसी कार्यालय स्थापित किए गए हैं।

भविष्य की योजनाएं: सब्जी मंडी का विस्तारीकरण
मुख्यमंत्री सुक्खू ने ढली स्थित सब्जी मंडी के विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। नई दुकानों और पार्किंग की सुविधा के साथ, शिमला में सीए स्टोर निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

नए बस अड्डे से यात्रियों को आरामदायक यात्रा और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *