बहराइच हिंसा में मारे गए युवकके परिवार ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात
“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच हिंसा के पीड़ित परिवार से की मुलाकात“
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बहराइच हिंसा में मारे गए युवक के परिवार से लखनऊ में मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर और अन्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं।
बहराइच के विधायक सुरेश्वर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि 10 लाख रुपये की सहायता और सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, साथ ही कड़ी कार्रवाई का भी वादा किया।
उधर, बहराइच में घटना के तीसरे दिन भी इंटरनेट सेवा बंद है। स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है। सुरक्षा के मद्देनजर छह कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, स्थानीय पुलिस जवान और अधिकारी मुस्तैद हैं। चार आईपीएस रैंक के अधिकारी भी तैनात किए गए हैं, और प्रभावित क्षेत्रों में पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि बहराइच में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि अज्ञात उपद्रवियों के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास जारी हैं। डीजीपी ने लोगों से अफवाहों और गलत सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की है।
