अपना शहर चुनेभारत

पत्रकारिता विश्वविद्यालय में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम पर योग दिवस मनाया गया

रायपुर, 21 जून 2025 — 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से संपूर्ण मानवता के शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति महादेव कावरे ने कहा, “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, बल्कि यह मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है। यह हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।” उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन बनाकर व्यक्ति को पूर्ण रूप से स्वस्थ बनाता है।

स्वास्थ्य ही सर्वोच्च धन: कुलसचिव का संबोधन

कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने योग की दैनिक दिनचर्या में भूमिका पर जोर देते हुए कहा, “अच्छा स्वास्थ्य जीवन की वास्तविक पूंजी है। सभी धनों में स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है। नियमित योग अभ्यास से एकाग्रता, आत्मविश्वास और मानसिक स्थिरता में वृद्धि होती है। यह परीक्षा के तनाव से लेकर करियर की चिंता तक, हर समस्या का समाधान है।”

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक पंकज नयन पाण्डेय, शैलेंद्र खंडेलवाल, डॉ. नृपेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. आशुतोष मंडावी, डॉ. राजेंद्र मोहंती, उप कुलसचिव सौरभ शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक एवं सहायक कुलसचिव डॉ. देव सिंह पाटिल, अतिथि शिक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएं, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

योग सत्र में प्राणायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, सूर्य नमस्कार जैसे विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के लाभों और उसे जीवनशैली में शामिल करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *